Breaking
Sun. Jul 12th, 2026

डेढ़ करोड़ के पन्ना के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बहरागोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले की बहरागोड़ा पुलिस ने अवैध रूप से कीमती रत्न पन्ना की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2300 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बहरागोड़ा बस स्टैंड के समीप कीमती पन्ना की खेप लेकर सौदे के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस के पहुंचते ही दो बाइक के पास खड़े तीन युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी विनय पातर की यामाहा स्कूटी की डिक्की से सफेद प्लास्टिक में पैक किया गया 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद हुआ। इसके अलावा एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई। जब्त वाहनों के पंजीकरण नंबर OD-11AC-8043 और JH-05BV-9089 हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुराकाटी निवासी विनय पातर और सिद्धेश्वर कालिंदी तथा श्यामासुन्दरपुर निवासी स्नेहाशिश मंगराज के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी विनय पातर के खिलाफ वर्ष 2018 में भी गुड़ाबांदा थाना में आपराधिक मामला दर्ज हो चुका है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पन्ना की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

इस कार्रवाई में घाटशिला एसडीपीओ के अलावा बहरागोड़ा थाना के सह थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, रामप्रवेश राय, राहुल कुमार, पंकज कुमार पासवान, ओम शरण तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post