Breaking
Sun. Jul 12th, 2026

शादी समारोह से लौटने के बाद लापता शिक्षक का शव पुल के नीचे मिला, जांच में जुटी पुलिस

सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे रविवार को एक निजी स्कूल के शिक्षक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान लुआगड़ धातकीड़ीह निवासी जीतन महतो के रूप में हुई है। वह मिरुडीह स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जीतन महतो शनिवार की शाम माणिक बाजार में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। परिजनों का कहना है कि समारोह में उनके साथ अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला।

रविवार पूर्वाह्न चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे एक शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान जीतन महतो के रूप में कराई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत पानी में डूबने से हुई है, हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

मृतक अपने परिवार के बड़े पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी और चार वर्ष का एक बेटा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। शादी समारोह में उनके साथ मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि शिक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Related Post