जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के टीचर कॉलोनी डिमना रोड स्थित राजस्थान भवन के समीप चोरों ने लगातार दो रातों तक आतंक मचाते हुए कुल 10 दुकानों को निशाना बनाया। शुक्रवार और शनिवार की रात हुई इस सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं से पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। शनिवार देर रात अकेले आठ दुकानों में चोरी और चोरी के प्रयास की घटना सामने आई है। चोर कई दुकानों के ताले तोड़कर नकदी, कीमती सामान और अन्य सामग्री लेकर फरार हो गए, जबकि कुछ दुकानों में ताले तोड़े जाने के बावजूद चोरी नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार चोरों ने किराना, मेडिकल, हार्डवेयर और अन्य प्रतिष्ठानों को अपना निशाना बनाया। चोरी की चपेट में आने वाले प्रतिष्ठानों में श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल हार्डवेयर, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर समेत कई अन्य दुकानें शामिल हैं। कई दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे और गल्ले में रखी नकदी के अलावा अन्य कीमती सामान भी उठा ले गए। कुछ दुकानों का सेंट्रल लॉक नहीं खुलने के कारण वहां चोरी की कोशिश नाकाम रही, लेकिन ताले टूटे हुए मिले।
स्थानीय व्यवसायी सर्वजीत तिवारी ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार की रात को मिलाकर कुल 10 दुकानों में चोरी की वारदात हुई है। उन्होंने कहा कि शनिवार की देर रात आठ दुकानों को निशाना बनाया गया और इस दौरान लाखों रुपये की नकदी व संपत्ति की चोरी हुई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
उलीडीह मोहम्मद शारिक अली थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही पूरे चोरी कांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

