चाईबासा: चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से सामाजिक दायित्व और जनसेवा की भावना के तहत रविवार, 12 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खिरवाल बैंक्वेट हॉल, चाईबासा में वृहद रक्तदान सह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के परिवहन एवं राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार मंत्री दीपक बिरुवा होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अमित रेणु उपस्थित रहेंगे। वहीं मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी जुझार मांझी सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शिविर में रक्तदान के साथ आम लोगों के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है। इसमें ब्लड शुगर, HbA1c, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, थायरॉयड फंक्शन टेस्ट (टीएफटी), फाइब्रोस्कैन, न्यूरोपैथी टेस्ट, पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी), ईसीजी तथा सीपीआर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शिविर में डॉ. अजय अग्रवाल (एमबीबीएस, एमडी, डीएम कार्डियोलॉजी) हृदय रोग संबंधी परामर्श एवं ईसीजी सुविधा उपलब्ध कराएंगे। वहीं डॉ. सौम्या सेनगुप्ता डायबिटिक क्लिनिक की विशेषज्ञ टीम मधुमेह सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं परामर्श प्रदान करेगी।
चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष संजय चौबे, उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक दुर्गेश खत्री तथा सचिव नीरज संदवार ने जिले के उद्योगपतियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर रक्तदान करने तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने की अपील की है।
चेंबर पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने के साथ-साथ स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस जनहित के अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

