Breaking
Sat. Jul 11th, 2026

चांडिल बाजार से चोरी हुई बाइक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार भेजे गए जेल

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले की चांडिल थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस ने इस मामले में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले चांडिल बाजार से मिलन प्रमाणिक की हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली और घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन बागती उर्फ चंदू बागती (19 वर्ष) और शिवा सरदार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागुनहातु, डी-ब्लॉक, रोड संख्या-7 के निवासी बताए गए हैं।

चांडिल थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से भी संबंध है या नहीं।

Related Post