Breaking
Sat. Jul 11th, 2026

टाटा कॉलेज में एनएसयूआई ने चलाया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प

चाईबासा: कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने शनिवार को टाटा कॉलेज, चाईबासा में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया। अभियान का नेतृत्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का भरोसा दिया।

अनीष गोप ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर छात्रों की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने प्रश्नपत्र लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, बढ़ते शैक्षणिक तनाव और छात्रों द्वारा आत्महत्या जैसी घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई इन सभी मुद्दों पर छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी समस्याओं को केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएगी। उन्होंने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक छात्र की समस्या को सुनना, उसे दर्ज करना और उसके समाधान तक लगातार संघर्ष करना है।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थियों पर निर्भर करता है। यदि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और बेहतर शैक्षणिक वातावरण नहीं मिलेगा तो यह आने वाली पीढ़ियों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान छात्रहित की आवाज को जनआंदोलन का स्वरूप देने की पहल है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी अपनी समस्याएं संगठन के समक्ष रखीं और अभियान का स्वागत किया।

इस अवसर पर एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष भुवनेश्वर तियू, सतीश बोदरा, सचिन बिरुवा, महासचिव आयुष हेस्सा, महेन्द्र सिंह देवगम, रत्ना तामसोय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Related Post