जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के टिस्को वाटर टावर के समीप शनिवार को सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह स्थानीय लोगों और राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना साकची थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है और आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है।

