जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित चर्चित डी.डी. बार के बाहर हुए हिमांशु हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल राहुल दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया गया है। पुलिस का मानना है कि इस बरामदगी से मामले की जांच और अभियोजन को मजबूती मिलेगी।
शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे डी.डी. बार के बाहर हिमांशु पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था, जिसे जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
एसआईटी ने घटना के बाद लगातार तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, मानवीय आसूचना तथा अन्य उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान अब तक इस कांड में नामजद और अन्य कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
सिटी एसपी ने बताया कि ताजा कार्रवाई में मुख्य आरोपी राहुल दुबे को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राहुल दुबे का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक नेटवर्क और इस हत्याकांड में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। एसआईटी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। पुलिस ने विश्वास जताया है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और बरामद हथियार के आधार पर इस चर्चित हत्याकांड में दोषियों के खिलाफ मजबूत अभियोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

