आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी करने के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार विधि विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए कई इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात रोड नंबर-06 स्थित श्रेया इंटरप्राइजेज मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद दुकान संचालक नीरज प्रसाद ने आरआईटी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि चोर दुकान से पांच स्मार्टफोन, दो पावर बैंक, एक ब्लूटूथ स्पीकर, एक ईयरबड तथा करीब चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार विधि विरुद्ध किशोरों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान किशोरों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए पांच स्मार्टफोन, दो पावर बैंक और एक ब्लूटूथ स्पीकर बरामद कर जब्त कर लिया गया। हालांकि चोरी गए सभी सामान अब तक बरामद नहीं हो सके हैं और शेष सामान की तलाश जारी है।
पुलिस ने सभी विधि विरुद्ध किशोरों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। वहीं मामले में आगे की जांच जारी है तथा चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

