चतरा: सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग स्थित देल्हो घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईवा की चपेट में आने से सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई. लक्ष्मण कुमार यादव (28) पिता मुन्नी यादव बिराजपुर गांव का रहने वाला था. वह जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और सात दिन पहले ही एक माह की छुट्टी पर अपने घर आए थे. जानकारी के अनुसार लक्ष्मण बाइक से सिमरिया की ओर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में कोयला खाली कर आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों ने उसे घायलावस्था में रेफरल अस्पताल भेजा, जहां स्थिति गंभीर देख हजारीबाग रेफर कर दिया गया. वहां भी स्थिति देख रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. रांची रिम्स ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा-सिमरिया पथ स्थित बिराजपुर के पास जाम कर दिया. लोग दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा व कोयला वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की। सड़क जाम की सूचना पाकर प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ वहां पहुंचकर लोगों को समझाने बुझाने में लगे हुए हैं।
चतरा जिले में हाईवा का आतंक जारी: कोयला खाली कर लौट रहा हाईवा ने सीआरपीएफ जवान को रौंदा, मौत सात दिन पहले एक माह की छुट्टी पर घर आया था जवान, गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

