Breaking
Tue. Jul 7th, 2026

एनएच-220 पर भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, दो चालकों की दर्दनाक मौत

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-220 पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो चालकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य चालक घायल हो गए। राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर रोला-खैरबनी मोड़ के समीप हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और चालक उसमें फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब साढ़े बारह बजे हुई इस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों में घिरे ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन के चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।

हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलरों के चालक अपने वाहन नियंत्रित नहीं कर सके। अचानक ब्रेक लगाने के दौरान दोनों वाहन आपस में भिड़ गए और सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों चालक घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा। मंगलवार सुबह तक जले हुए वाहनों से धुआं उठता रहा। दोनों वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच-220 की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन सड़क का चौड़ीकरण नहीं होने से आए दिन गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने सड़क को फोरलेन बनाने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Related Post