Breaking
Sun. Jul 5th, 2026

एनएसयूआई और युवा कांग्रेस चलाएंगे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, कॉलेजों में छात्रों से होगा सीधा संवाद

चाईबासा: छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत होगी। 21 दिवसीय यह अभियान कोल्हान विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों सहित पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ से पहले रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने कहा कि आज छात्र-छात्राएं कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। लगातार हो रही प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं से मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ा है और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव, शैक्षणिक दबाव और संस्थागत उदासीनता के कारण कई छात्र आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हुए हैं, जो चिंता का विषय है। सरकार और संबंधित संस्थानों को इस दिशा में संवेदनशील और जवाबदेह बनने की आवश्यकता है।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आदित्य विक्रम तिरिया ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान केवल जनसंपर्क कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, प्रश्नपत्र लीक, छात्रवृत्ति, नामांकन, परीक्षा परिणाम में विलंब, पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं की कमी, आधारभूत सुविधाएं, रोजगार एवं प्लेसमेंट, छात्र सुरक्षा तथा मानसिक स्वास्थ्य सहायता जैसे विषयों पर सुझाव और शिकायतें एकत्र की जाएंगी। इन मांगों को संकलित कर कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। यदि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा तो देश का भविष्य भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई और युवा कांग्रेस छात्र-युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

त्रिशानु राय ने सभी छात्र-छात्राओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर साझा करने की अपील की।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में युवा कांग्रेस जिला महासचिव राजीव बोयपाई, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष चंदन पासवान, सतीश बोदरा, महासचिव सचिन बिरुवा, युवा कांग्रेस मझगांव विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्णा सिरका, एनएसयूआई सदस्य कृष्णा गोप, महेंद्र सिंह देवगम, साजन बोयपाई, सुकांतो महतो, कुशनु सावैयां, हिमेश गोप, भुवनेश्वर तियु, मनीष गोप, सुमित पान और राकेश सिरका सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post