Breaking
Thu. Jul 2nd, 2026

जमशेदपुर बंद से पहले प्रशासन अलर्ट, निषेधाज्ञा 3 जुलाई सुबह 10 बजे तक बढ़ी, कई निजी स्कूलों ने की छुट्टी की घोषणा

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार एंड रेस्टोरेंट में हुई चर्चित हत्या की घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। धालभूम अनुमंडल दंडाधिकारी अर्नव मिश्रा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा की अवधि बढ़ाते हुए इसे 3 जुलाई की पूर्वाह्न 10 बजे तक प्रभावी रखने का आदेश जारी किया है।

प्रशासन के अनुसार साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम थाना क्षेत्र में यह आदेश लागू रहेगा। पुलिस की रिपोर्ट में कहा गया है कि डीडी बार की घटना के विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा धरना, प्रदर्शन, सभा और 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया गया है। संभावित तनाव और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

निषेधाज्ञा के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति धरना, प्रदर्शन, घेराव, पुतला दहन और पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला, गड़ासा या अन्य हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना लाउडस्पीकर अथवा अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग भी प्रतिबंधित रहेगा।

हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस बल, चिकित्साकर्मी, मीडियाकर्मी, सरकारी एवं गैर-सरकारी कर्मचारी, बारात, शव यात्रा, पूजा-पाठ और धार्मिक जुलूस इस आदेश से मुक्त रहेंगे। सिख एवं नेपाली समुदाय को अपनी धार्मिक परंपरा के अनुरूप कृपाण और खुखरी धारण करने की भी छूट दी गई है।

इधर, भाजपा द्वारा शुक्रवार को बुलाए गए जमशेदपुर बंद को देखते हुए शहर के अधिकांश निजी स्कूलों ने एहतियातन कक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है। छात्रों की सुरक्षा और संभावित यातायात व्यवधान को ध्यान में रखते हुए मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल, जेएच तारापोर स्कूल (धतकीडीह), हिलटॉप स्कूल, लोयोला स्कूल तथा सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों ने अवकाश की घोषणा की है। अधिकांश स्कूलों में प्रशासनिक कार्य जारी रहेंगे, लेकिन नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।

सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल ने शुक्रवार को निर्धारित परीक्षा भी स्थगित कर दी है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार यह परीक्षा अब 13 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

दूसरी ओर, सरकारी स्कूलों को लेकर अब तक शिक्षा विभाग अथवा जिला प्रशासन की ओर से किसी प्रकार का अवकाश घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में सरकारी विद्यालयों में सामान्य दिनों की तरह पढ़ाई जारी रहने की संभावना है। इसे लेकर कई अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि बंद के दौरान यदि यातायात बाधित होता है या कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। अभिभावकों ने इस संबंध में प्रशासन से पुनर्विचार करने की मांग भी की है।

Related Post