Breaking
Thu. Jul 2nd, 2026

टेल्को में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, पर्स लूटकर फरार हुए बदमाश; नए SSP के कार्यभार संभालते ही फिर अपराधियों की चुनौती

जमशेदपुर: शहर में चापड़बाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और अपराधियों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। नए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के पदभार ग्रहण करने के कुछ ही घंटों के भीतर टेल्को थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला कर बदमाशों ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी।

घटना टेल्को थाना क्षेत्र के तार कंपनी रोड की है। जानकारी के मुताबिक बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी अशीम बनर्जी बुधवार देर रात मानगो से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे तीन बाइक सवार अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली और चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के दौरान अशीम ने खुद को बचाने के लिए दोनों हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार चापड़ चलाते रहे। गंभीर रूप से घायल करने के बाद बदमाश उनका पर्स लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

डॉक्टरों के अनुसार चापड़ के वार से अशीम बनर्जी के दोनों हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए हाथों की प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी।

टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में बिष्टुपुर के डबल डाउन बार कांड सहित शहर में चापड़ से हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में नए SSP के कार्यभार संभालने के तुरंत बाद हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post