जमशेदपुर: केरला समाजम मॉडल स्कूल में मंगलवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह (Annual Prize Nite 2025-26) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को शैक्षणिक, खेल तथा सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डी. बी. सुंदरा रामम, वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज), टाटा स्टील ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य और स्कूल नेतृत्व टीम के वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे।
प्राचार्या रीना बनर्जी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विद्यार्थियों की सफलताओं और वर्षभर की प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी।
आईएससी 2026 में बायो साइंस के छात्र आयुष रंजन को 98 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल दिया गया। प्योर साइंस के अरिंदम पात्रा को 97.75 प्रतिशत के साथ सिल्वर मेडल और तल्हा ज़ेयाद को 96.50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया।
आईसीएसई और आईएससी परीक्षा के विभिन्न संकायों के टॉपर्स को ट्रॉफी, प्रशंसा पत्र और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कक्षा 11 की नशेता खान को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रयास के लिए हेमप्रभा शुक्ला छात्रवृत्ति प्रदान की गई। आईसीएसई गणित में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले पीयूष शर्मा को श्रीरेखा मोहन मेमोरियल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्तर की सीआईएससीई खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ताइक्वांडो, योग और हैंडबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया।
रोपजोत सिंह को बेस्ट स्काउट तथा भावना मिश्रा को बेस्ट गाइड का पुरस्कार मिला। कक्षा 9 और 11 के रैंक होल्डर्स के साथ प्रत्येक स्तर से सर्वश्रेष्ठ ऑल राउंड प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने संगीत और नृत्य की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
मुख्य अतिथि डी. बी. सुंदरा रामम ने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए निरंतर प्रयास, एकाग्रता और जिम्मेदारी जरूरी है। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया।
समारोह के सफल आयोजन के लिए विद्यालय ने शिक्षकों, कार्यालय कर्मियों तथा वरिष्ठ गतिविधि प्रभारी शालिनी कुमार के योगदान की सराहना की।

