जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के रेलवे यार्ड में खड़ी हटिया-टाटा एक्सप्रेस के कोच में गंभीर हालत में मिली महिला की हत्या के मामले का रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त अभियान “रेल प्रहरी” के तहत हुई जांच में बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के नरहा पानापुर निवासी 20 वर्षीय कुमार ऋषभ को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपनी प्रेमिका माला देवी (27) की मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर हत्या की थी।
6 जून को ट्रेन संख्या 18602 हटिया-टाटा एक्सप्रेस के एक कोच में सफाईकर्मी को माला देवी बेहोशी की हालत में मिली थीं। उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 जून को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद मामले को हत्या में दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने टाटानगर और रांची स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में महिला एक युवक के साथ स्टेशन पहुंचती और ट्रेन में चढ़ती दिखाई दी। इसी दौरान युवक ने स्टेशन के एक स्टॉल से यूपीआई के माध्यम से पानी खरीदा था। पुलिस ने भुगतान के यूटीआर नंबर, बैंक रिकॉर्ड, साइबर ट्रेसिंग, कॉल डिटेल और टावर लोकेशन की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि रांची के बरियातू निवासी माला देवी आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थीं। इससे परेशान होकर कुमार ऋषभ 5 जून को उन्हें रांची से टाटानगर लेकर आया और रेलवे यार्ड में खड़ी ट्रेन के कोच में पहले मारपीट की, फिर मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर हत्या कर फरार हो गया। मामले के खुलासे में आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद, कांस्टेबल रवि कुमार, रेल थाना टाटानगर के एसआई मनराज भूट कुमार, आरक्षी अभिमन्यु महतो तथा एसआईटी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

