जमशेदपुर। बादामपहाड़ से पुरी के बीच एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू होने से कोल्हान क्षेत्र के लोगों में उत्साह है, लेकिन पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर और सीदिरसाई रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं दिए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से हल्दीपोखर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इसमें स्थानीय विधायक संजीव सरदार ने भी शामिल होकर दोनों स्टेशनों पर ट्रेन के ठहराव की मांग उठाई।
धरना को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि बादामपहाड़ से पुरी धाम तक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय इस क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन हल्दीपोखर और सीदिरसाई स्टेशन को इससे वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। इन दोनों स्टेशनों पर ठहराव नहीं होने से आसपास के करीब तीन लाख लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी। यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए लगभग 20 किलोमीटर दूर टाटानगर अथवा 50 किलोमीटर दूर रायरंगपुर जाना मजबूरी होगी।
उन्होंने कहा कि पोटका और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इलाज, रोजगार और धार्मिक यात्रा के लिए पुरी सहित दूसरे शहरों का सफर करते हैं। ऐसे में हल्दीपोखर और सीदिरसाई में ट्रेन का ठहराव केवल सुविधा का सवाल नहीं, बल्कि लाखों लोगों की जरूरत से जुड़ा विषय है।
विधायक ने रेलवे प्रशासन से चार नवंबर को ट्रेन का परिचालन शुरू होने से पहले दोनों स्टेशनों पर ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। इसके लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से लेकर दिल्ली तक आवाज बुलंद की जाएगी। धरना में झामुमो के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।

