Breaking
Mon. Nov 2nd, 2026

*बड़कुंवर गागराई ने बालियापोसी पंचायत में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, जनप्रतिनिधियों को घेरा* *सड़क, पानी, बिजली, आवास, पेंशन और राशन की समस्याओं को लेकर ग्रामीण परेशान, पूर्व मंत्री ने समाधान का दिया भरोसा*

चाईबासा: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने सोमवार को मझगांव विधानसभा क्षेत्र के मझगांव प्रखंड अंतर्गत बालियापोसी पंचायत के गुड़गांव स्थित कीर्तन मंडप में ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक में गाड़केशना, गुड़गांव, बालियापोसी, राईकासाई और कुशनुपुर गांव के ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पानी, बिजली, आवास, पेंशन और राशन से जुड़ी समस्याओं को पूर्व मंत्री के समक्ष रखा।

बड़कुंवर गागराई ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विधायक और सांसद की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, लेकिन ग्रामीण आज भी अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार चुनाव के समय अपने घोषणा पत्र में कई वादे लेकर आई थी, लेकिन आज वे वादे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। जनता को प्रलोभन देकर वोट हासिल करना सीखना है तो वर्तमान सरकार से सीखा जा सकता है, लेकिन जनसमस्याओं के समाधान के प्रति इनकी कोई जिम्मेदारी दिखाई नहीं देती।

उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो रहा होता तो आज उन्हें गांव-गांव जाकर लोगों की परेशानी सुनने की जरूरत नहीं पड़ती। ग्रामीण लगातार उनके पास पहुंचकर समस्याएं बताते हैं। कहीं ट्रांसफार्मर जल जाने से बिजली आपूर्ति बाधित है, तो कहीं लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान गिर गए हैं। ऐसे परिवार आवास योजना का लाभ पाने के लिए भटक रहे हैं।

पूर्व मंत्री ने कहा कि बुजुर्गों को वृद्धा पेंशन, दिव्यांगों को दिव्यांग पेंशन और जरूरतमंदों को अन्य पेंशन योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है। कई पात्र ग्रामीण अब तक योजनाओं से वंचित हैं। वहीं, राशन दुकानदारों द्वारा समय पर खाद्यान्न नहीं देने और कम मात्रा में राशन देने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, बिजली और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं से ग्रामीणों को वंचित रखना गंभीर चिंता का विषय है।

बैठक में बड़कुंवर गागराई ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

दौरे में भाजपा प्रखंड अध्यक्ष पीताम्बर राउत, पंचायत प्रभारी मणीकर कुम्हार, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद गोप, मझगांव प्रखंड के पूर्व प्रमुख नारेश दोड़ाई, जुमल सोय, कांग्रेस मांझी, राजीव सिंधु, संजय मुखी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और पंचायतवासी उपस्थित थे।

Related Post