Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

चाईबासा में सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में पांच दिवसीय शारदीय दुर्गा पूजा उत्सव बुधवार की रात मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। शहर के 22 पूजा पंडालों में 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना की गई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा और प्रशासन, पूजा समितियों तथा विभिन्न समुदायों के आपसी सहयोग से विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

महादशमी के अवसर पर बुधवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। इसके बाद घट विसर्जन किया गया। शाम होते ही विभिन्न पूजा पंडालों से प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जुलूस निकाले गए। ढाक की धुन, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी मैदान और नगाड़ा चौक पहुंचे। इसके बाद प्रतिमाओं का विसर्जन जुबली तालाब और रोरो नदी में किया गया। देर रात तक विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। प्रशासन के अनुसार, इस दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

विसर्जन जुलूस के दौरान चाईबासा में सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिली। अंजुमन इस्लामिया के सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने अपने सदस्यों के साथ उर्दू लाइब्रेरी के समीप जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के बीच फल और पानी वितरित किया। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना और जरूरत के समय एक-दूसरे की सेवा करना इंसानियत का संदेश है। धर्म आपस में नफरत नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की सीख देते हैं।

नगर परिषद अध्यक्ष सह केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने सभी पूजा समितियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण आयोजन के लिए बधाई दी। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी के बावजूद विसर्जन का शांतिपूर्ण संपन्न होना सभी समुदायों, पूजा समितियों और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी और सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी ने भी आयोजन में सहयोग देने वालों की सराहना की।

विसर्जन के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक राहुल देव बड़ाईक, अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, यातायात प्रभारी संतोष कुमार, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू और मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए वर्दीधारी और सादे कपड़ों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी के महासचिव आनंद प्रियदर्शी, उपाध्यक्ष त्रिशानु राय और चंदन पांडे तथा संरक्षक राजीव नयनम सहित अन्य सदस्यों ने भी व्यवस्था संभाली। सभी के सहयोग से चाईबासा में दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन आपसी सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Post