देवघर। झारखंड के देवघर में सोमवार देर रात गोली मारकर एक युवक की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ के समीप हुई इस घटना में बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत गोडियारी निवासी रोशन कुमार (27) की मौत हो गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल रोशन को उसका एक साथी बुलेट बाइक से सदर अस्पताल लेकर पहुंचा था। हालांकि, अस्पताल में इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर साथी ने चिकित्सकों को सड़क दुर्घटना में घायल होने की जानकारी दी थी, लेकिन जांच के दौरान गोली लगने की बात सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात रोशन कुमार को एक युवक बुलेट बाइक से सदर अस्पताल लेकर पहुंचा। वह बाइक लेकर अस्पताल के उत्तरी गेट से अंदर दाखिल हुआ और रैंप के रास्ते सीधे इमरजेंसी वार्ड के पास आठ नंबर ड्रेसिंग कक्ष तक पहुंच गया। वहां घायल युवक को भर्ती कराने के दौरान उसके साथी ने सड़क हादसे में चोट लगने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जब रोशन के जख्मों की जांच की, तो उसकी आंख के पास और सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान देखकर संदेह हुआ। गहन जांच में गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद चिकित्सक ने रोशन कुमार को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बैद्यनाथधाम ओपी को सूचना दी। इसके बाद नगर थाना पुलिस को भी मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी। अस्पताल में घायल को पहुंचाने वाले युवक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। बताया जाता है कि अस्पताल परिसर में मौजूद एक व्यक्ति ने इमरजेंसी वार्ड तक बुलेट बाइक ले जाने की घटना की तस्वीर अपने मोबाइल फोन में खींच ली थी। यह तस्वीर जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि रोशन कुमार को गोली रांगा मोड़ के पास मारी गई थी या वारदात किसी दूसरी जगह हुई थी। अस्पताल पहुंचाने वाले साथी ने गोली लगने की बात छिपाकर सड़क दुर्घटना की जानकारी क्यों दी, यह भी जांच का अहम पहलू है। हत्या के पीछे आपसी विवाद, व्यक्तिगत रंजिश या कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

