जमशेदपुर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल से कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा। रेलवे की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, टाटानगर और आदित्यपुर से खुलने वाली ट्रेनों के साथ चक्रधरपुर मंडल से होकर गुजरने वाली कई विशेष ट्रेनें भी निर्धारित अवधि में चलाई जाएंगी।
टाटानगर से बक्सर के बीच ट्रेन संख्या 08183 का परिचालन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। वापसी में ट्रेन संख्या 08184 बक्सर से टाटानगर के लिए 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगी। वहीं, आदित्यपुर से लखनऊ के बीच ट्रेन संख्या 04217 का परिचालन 15 अक्टूबर को निर्धारित है, जबकि लखनऊ से आदित्यपुर के लिए ट्रेन संख्या 04218 का परिचालन 10 अक्टूबर को किया गया है।
इसके अलावा, संतरागाछी से अजमेर के बीच ट्रेन संख्या 08611 का परिचालन 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर तक और वापसी में ट्रेन संख्या 08612 का परिचालन 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक किया जाएगा। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से संतरागाछी के बीच ट्रेन संख्या 01107 छह से 27 अक्टूबर तक तथा वापसी में ट्रेन संख्या 01108 आठ से 29 अक्टूबर तक चलेगी। इन ट्रेनों का ठहराव टाटानगर सहित चक्रधरपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।
चक्रधरपुर मंडल से होकर गुजरने वाली अन्य विशेष ट्रेनों में चर्लापल्ली-पटना, नितर-सांतरागाछी, संबलपुर-सांतरागाछी और हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस मार्ग की ट्रेनें शामिल हैं। इनका परिचालन सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। कुछ ट्रेनें साप्ताहिक, जबकि कुछ विशेष निर्धारित फेरों के साथ चलेंगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन की तिथि, ठहराव और समय-सारणी की जानकारी आधिकारिक रेलवे माध्यमों से प्राप्त कर लें, ताकि त्योहार के दौरान यात्रा में असुविधा न हो।

