आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माझी टोला के संजय नगर में मंगलवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे एक किराए के मकान में संदिग्ध व्यक्ति के घुसने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। महिला के अनुसार, संदिग्ध के शरीर पर ग्रीस लगा हुआ था और उसने चेहरे पर नीले रंग का कपड़ा बांध रखा था। उसके बिना कपड़ों के कमरे में प्रवेश करने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध ने कमरे में रखे मोबाइल फोन को उठाने की कोशिश की, लेकिन महिला की नींद खुल जाने से वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय महिला अपने कमरे में अकेली सो रही थी। वह नवरात्रि का व्रत रख रही थी, जबकि उसका पति और बच्चा घर के बाहर रखी चौकी पर सोए हुए थे। इसी दौरान सुबह के अंधेरे का फायदा उठाकर संदिग्ध छत के रास्ते मकान के कमरे में दाखिल हो गया। कमरे में प्रवेश करने के बाद उसने दरवाजा भिड़ा दिया और वहां रखे मोबाइल फोन को उठाने का प्रयास करने लगा।
इसी बीच महिला की अचानक नींद खुल गई। कमरे में एक अनजान व्यक्ति को देखकर वह घबरा गई और शोर मचाने लगी। महिला की आवाज सुनते ही संदिग्ध सतर्क हो गया और छत के रास्ते वहां से फरार हो गया। घटना के बाद महिला और उसके परिजन दहशत में हैं। सुबह-सुबह घर में संदिग्ध के प्रवेश की खबर फैलने से आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि मकान में संदिग्ध के प्रवेश और उसके भागने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। संदिग्ध के शरीर पर ग्रीस लगा होने और चेहरे पर नीला कपड़ा बंधा होने की बात को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, उसकी पहचान और मकान में घुसने के वास्तविक उद्देश्य की पुष्टि नहीं हुई है।

