चाईबासा: सदर अस्पताल, चाईबासा के मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर में लगभग 15×15 सेंटीमीटर आकार के विशाल फाइलॉइड ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया। इस शल्य चिकित्सा को अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के तहत पूरा किया गया।
ऑपरेशन सर्जन डॉ. प्रदीप्तो कुमार माझी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी एनेस्थेटिस्ट डॉ. अमित कुमार तिर्की ने संभाली। ऑपरेशन को सफल बनाने में ऑपरेशन थिएटर और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चिकित्सकीय टीम के अनुसार, इतने बड़े आकार के ट्यूमर का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया जाना अस्पताल में उपलब्ध शल्य चिकित्सा सेवाओं और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं को दर्शाता है।
अस्पताल प्रबंधन ने इस उपलब्धि के लिए सर्जरी, एनेस्थीसिया, ऑपरेशन थिएटर और सहयोगी टीम को बधाई दी। साथ ही मरीज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सदर अस्पताल, चाईबासा में मरीजों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

