Breaking
Sat. Oct 3rd, 2026

रिश्तों, आत्मचिंतन और भावनाओं की समझ पर केंद्रित रहा LMAD यूथ कॉन्फ्रेंस का तीसरा दिन

जमशेदपुर: केरला पब्लिक स्कूल कदमा में चल रहे 26वें ‘लेट्स मेक अ डिफरेंस (LMAD) जमशेदपुर यूथ कॉन्फ्रेंस 2026’ के तीसरे दिन विद्यार्थियों ने रिश्तों, जीवन के मूल्यों और अपनी भावनाओं को समझने पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। दिनभर चले कार्यक्रम में आत्मचिंतन के साथ विद्यार्थियों को अपनी आदतों, व्यवहार और रिश्तों को नए नजरिए से देखने का अवसर मिला।

तीसरे दिन की शुरुआत कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर विरल मजूमदार के ‘Jar Exercise’ सत्र से हुई। इस गतिविधि के जरिए विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि जीवन में वास्तव में महत्वपूर्ण चीजों को प्राथमिकता देना क्यों जरूरी है। उन्होंने समय और ऊर्जा के सही इस्तेमाल पर बात करते हुए रिश्तों और जीवन के अनुभवों को महत्वपूर्ण बताया।

इसके बाद विद्यार्थियों ने छोटे समूहों में ‘Quiet Time’ गतिविधि में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन और प्राथमिकताओं पर आत्मचिंतन किया। गतिविधि को ईमानदारी, निःस्वार्थ भाव, पवित्रता और प्रेम जैसे चार मूल्यों से जोड़ा गया।

नाश्ते के बाद पिछले दिन की गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी दी गई। इसके बाद श्रद्धा अग्रवाल ने रिश्तों पर आधारित सत्र का संचालन किया। उन्होंने अपने जीवन से जुड़े एक महत्वपूर्ण रिश्ते का अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किया। इसके बाद कुछ समय के मौन और आत्मचिंतन के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने महत्वपूर्ण रिश्तों से जुड़े अनुभव और भावनाएं साझा कीं।

दोपहर के भोजन के दौरान भी मौन रखा गया। इसके बाद ‘The Letter I Never Sent’ नाम से विशेष गतिविधि आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने परिवार के उन सदस्यों, जो अब उनके साथ नहीं हैं, या परिवार और मित्रों के नाम ऐसे पत्र लिखे, जिन्हें वे कभी लिख नहीं पाए थे। गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को मन में दबे भावों को व्यक्त करने और पुरानी भावनाओं से आगे बढ़ने का अवसर दिया गया।

दिन के अगले सत्र में विद्यार्थियों ने अपनी कुछ नकारात्मक आदतों और भावनाओं को कागज पर लिखा और उन्हें प्रतीकात्मक रूप से जलाया। इस गतिविधि का संदेश नकारात्मकता को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने से जुड़ा रहा।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में भावनात्मक और व्यक्तिगत समूह चर्चा हुई। इसमें विद्यार्थियों ने अपने महत्वपूर्ण रिश्तों, परिवार से जुड़ी चुनौतियों और व्यक्तिगत अनुभवों पर बातचीत की।

LMAD यूथ कॉन्फ्रेंस के तीसरे दिन का समापन आत्मचिंतन, रिश्तों की समझ और भावनाओं को व्यक्त करने के अनुभव के साथ हुआ। कार्यक्रम के संचालन और समन्वय में राजीव अग्रवाल, श्रद्धा अग्रवाल, भीषम, सोनू, विजय राणे और भार्गवी सहित कोऑर्डिनेटर्स व स्वयंसेवकों की टीम की भूमिका रही। स्थानीय टीम के संगीता सरकार, सुमन, सायोक, कौशिक, निशांत, पी. विद्या, विद्याश्री, आर्यन, जीत, शिवांगी, बिपाशा, महिका, हुजैफा, शीतल, दानिश, सोमय, प्रभजोत, सोनाक्षी और अपराजिता ने भी आयोजन में योगदान दिया।

आयोजकों के अनुसार, सामूहिक प्रयासों के जरिए सम्मेलन विद्यार्थियों के लिए सीख, आत्मचिंतन और व्यक्तिगत अनुभवों से जुड़ा एक सार्थक मंच बन रहा है।

Related Post