Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

नयाग्राम की बदहाल सड़क पर कुणाल षाड़ंगी ने दिखाई तत्परता, डीसी ने जल्द मरम्मत का दिया भरोसा

जमशेदपुर। बहरागोड़ा प्रखंड के डोमजुड़ी पंचायत अंतर्गत नयाग्राम चौक से नयाग्राम गांव तक बारिश के कारण जर्जर हुई सड़क की समस्या को लेकर शुक्रवार को झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने स्थल निरीक्षण किया। ग्रामीणों के आग्रह पर नयाग्राम पहुंचे कुणाल षाड़ंगी ने सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से उनकी परेशानियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद कुणाल षाड़ंगी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से दूरभाष पर संपर्क किया। उन्होंने उपायुक्त को मौके की वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि लगातार बारिश के कारण सड़क कई जगहों पर जर्जर हो गई है और ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए सड़क की फिलिंग और आवश्यक मरम्मत कराने का आग्रह किया।

इस पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जल्द ही सड़क की फिलिंग कर उसे आवागमन योग्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर पक्की सड़क का स्थायी निर्माण होने तक फिलिंग और जरूरी मरम्मत के माध्यम से सड़क को चालू रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।

कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतों और आवागमन को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उपायुक्त के आश्वासन के बाद संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई करेगा और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

इस दौरान झामुमो के वरिष्ठ नेता आदित्य प्रधान, संजीव रथ, सुनील जेना, देवाशीष पात्रा, सतवंत गिरी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Post