चाईबासा: सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मंझारी मंडल के मौदा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद सार्वजनिक स्थलों, बाजार और मंदिर परिसरों में साफ-सफाई की गई। अभियान में पूर्व मंत्री सह पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान बड़कुंवर गागराई ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और बेहतर समाज के लिए जरूरी माना था। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने लोगों को स्वच्छता, अहिंसा, सत्य और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज के लिए उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार होना चाहिए। हर व्यक्ति अपने घर, गांव और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाए, तभी स्वच्छ भारत का लक्ष्य पूरा हो सकता है।
लाल बहादुर शास्त्री के योगदान की चर्चा करते हुए गागराई ने कहा कि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को अपने सार्वजनिक जीवन का आधार बनाया। देश के सामने कठिन परिस्थितियों में उन्होंने लोगों को एकजुट करने का काम किया और किसानों तथा जवानों के महत्व को रेखांकित किया। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है।
स्वच्छता अभियान के दौरान लोगों को अपने आसपास कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया।
इसके अलावा मंझारी मंडल की भरभरिया, भागाबिला और पाड़सा पंचायतों में बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम कर रही आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को बड़कुंवर गागराई ने सम्मानित किया। इस अवसर पर कहा गया कि आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका गांव के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
गागराई ने सेविकाओं और सहायिकाओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। सम्मान मिलने से सेविकाओं में उत्साह देखा गया और उन्होंने आगे भी पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही।

