Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

*तुईबीर पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित*

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सदर प्रखंड के तुईबीर पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीएलवी हेमराज निषाद और पीएलवी रत्ना चक्रवर्ती ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप जलाकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों को दोनों महापुरुषों के विचारों और उनके योगदान की जानकारी दी गई।

शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। डायन प्रथा निषेध अधिनियम के बारे में बताया गया कि किसी महिला को डायन कहना अपराध है और इसके लिए सजा का प्रावधान है। ग्रामीणों को बताया गया कि डायन प्रथा अंधविश्वास पर आधारित है। कई मामलों में इसके नाम पर महिलाओं को प्रताड़ित किया जाता है और संपत्ति हड़पने के लिए गंभीर अपराध भी किए जाते हैं।

मानसिक बीमारी से पीड़ित लोगों के संबंध में भी जागरूक किया गया। बताया गया कि ऐसे लोगों का इलाज संभव है। बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक कराने के बजाय चिकित्सकीय जांच और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या नजदीकी अस्पताल से संपर्क करना चाहिए।

स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिन बच्चों के माता-पिता में से किसी एक या दोनों की मृत्यु हो गई है, उन्हें योजना के तहत प्रतिमाह चार हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए डालसा, चाईबासा कार्यालय से संपर्क करने की जानकारी दी गई।

इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 और 112, एंबुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 और नालसा हेल्पलाइन 15100 के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया ज्योत्सना देवगम, पंचायत सचिव रजनी शर्मा, गांव के मुंडा, जेई, जल सहिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post