Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

*गांधी मैदान में महात्मा गांधी की भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग*

चाईबासा: गांधी मैदान के जीर्णोद्धार के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नई प्रतिमा स्थापित किए जाने पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पूर्व में गांधी मैदान में महात्मा गांधी की बड़ी प्रतिमा स्थापित थी। जीर्णोद्धार के दौरान उसी स्थान पर नई प्रतिमा लगाई गई है, लेकिन वर्तमान प्रतिमा का आकार पहले की तुलना में काफी छोटा है।

त्रिशानु राय ने कहा कि महात्मा गांधी का व्यक्तित्व और देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अतुलनीय है। गांधी मैदान एक ऐतिहासिक स्थल है, इसलिए यहां स्थापित उनकी प्रतिमा का स्वरूप और आकार भी उनकी गरिमा के अनुरूप होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर नई प्रतिमा स्थापित किया जाना स्वागत योग्य है, लेकिन पहले से स्थापित बड़ी प्रतिमा के स्थान पर छोटी प्रतिमा लगाया जाना उचित नहीं है। गांधी मैदान की ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए यहां महात्मा गांधी की भव्य और पूर्ण आदमकद प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए।

त्रिशानु राय ने मांग की कि गांधी मैदान में महात्मा गांधी की भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि गांधी मैदान की गरिमा के साथ राष्ट्रपिता के प्रति सम्मान भी कायम रहे। उन्होंने कहा कि इस मामले से कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व को भी अवगत कराया जाएगा, ताकि प्रतिमा के संबंध में मांग को उचित स्तर पर रखा जा सके।

Related Post