रांची। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू हाउसिंग कॉलोनी में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने और अभद्र शब्द लिखने के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान किशोर के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना में इस्तेमाल किए गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है।
मामला हरमू हाउसिंग कॉलोनी के एमआईजीएचएफ-10 निवासी इंद्रजीत कुमार यादव के लिखित आवेदन पर दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि असामाजिक तत्वों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर काला रंग पोत दिया तथा प्रतिमा पर अमर्यादित शब्द लिख दिए। घटना की सूचना मिलने के बाद अरगोड़ा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने 28 सितंबर 2026 को अरगोड़ा थाना कांड संख्या 259/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 324(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी माध्यमों से जांच को आगे बढ़ाया।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी और हटिया डीएसपी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में अरगोड़ा थाना पुलिस के साथ तकनीकी शाखा के पदाधिकारी और कर्मी शामिल किए गए। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा तकनीकी शाखा से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल किशोर की पहचान की और उसे निरुद्ध कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

