Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

दलमा इको-सेंसिटिव जोन में अवैध खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, क्रशर मशीन सील

जमशेदपुर। दलमा इको-सेंसिटिव जोन में अवैध पत्थर खनन और क्रशर संचालन के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। पटमदा थाना क्षेत्र के धुसरा गांव में अवैध तरीके से क्रशर मशीन चलाए जाने और पत्थर खनन की सूचना पर प्रशासनिक टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर संचालित क्रशर मशीन को सील कर दिया गया, जबकि एक जनरेटर के अलावा करीब 100 सीएफटी स्टोन चिप्स और 150 सीएफटी बोल्डर जब्त किए गए। जब्त सामग्री को पटमदा थाना लाया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, धुसरा गांव में सुभाष कुमार साही द्वारा पिछले कई सप्ताह से कथित रूप से अवैध क्रशर का संचालन और पत्थर खनन किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद जिला उपायुक्त के निर्देश पर धालभूम एसडीओ अर्नव पाण्डेय के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान टाटा मैजिक वाहन पर लदा जनरेटर भी जब्त किया गया। प्रशासन ने अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे क्रशर को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अभियान में जिला खनन पदाधिकारी सतीश कुमार नायक, खान निरीक्षक ए. मजूमदार, सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के जेई आफताब आलम तथा वन विभाग के प्रभारी फॉरेस्टर अंकित कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। राजा घोष, लखी राम सरदार और सीजन टुडू भी अभियान में मौजूद थे। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद दलमा क्षेत्र में अवैध खनन और क्रशर संचालन करने वालों में हड़कंप है।

Related Post