गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की देर रात हुए रितिक यादव उर्फ बड्डी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव को मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर की गई। हत्याकांड की जांच के लिए गिरिडीह एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद एसआईटी ने विभिन्न तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर सतीश यादव और अनुज कुमार यादव की पहचान की गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 270/26 के तहत 25 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई सफेद रंग की रिनॉल्ड कंपनी की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार बरामद की है। इसके अलावा घटनास्थल से रक्त के नमूने वाले रूई के टुकड़े, तीन बांस की लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी जब्त की गई हैं। पुलिस इन बरामद सामानों को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस नामजद और अप्राथमिकी अभियुक्तों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है।
एसआईटी में सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के अलावा डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पीरटांड़ थाना प्रभारी जीतेन्द्र सिंह और पंचबा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। तकनीकी शाखा, अनुसंधान विंग, संबंधित थाना के पुलिसकर्मियों और सशस्त्र बलों ने भी जांच और छापेमारी में सहयोग किया। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल जारी है।

