Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

सोनारी के जरूरतमंद परिवारों को अब नि:शुल्क मिलेगी शव वाहन सेवा

जमशेदपुर। सोनारी क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों को अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत देने के उद्देश्य से मंगलवार को नि:शुल्क शव मुक्ति धाम वाहन सेवा की शुरुआत की गई। वीर मंच मैदान, सोनारी में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के सौजन्य और सहयोगियों के सहयोग से इस सेवा का शुभारंभ हुआ। सेवा का संचालन कांग्रेस सोनारी मंडल की ओर से किया जाएगा।

इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उनके दिवंगत परिजनों की अंतिम यात्रा के लिए नि:शुल्क वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कोशिश होगी कि आर्थिक तंगी के कारण किसी परिवार को अपने प्रियजन के अंतिम संस्कार के लिए अतिरिक्त परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। जरूरत के समय संबंधित परिवारों तक वाहन सेवा पहुंचाने और यथासंभव तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस मौके पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि किसी अपने को खोना परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक होता है। ऐसे कठिन समय में अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी मानवीय जरूरत को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क शव वाहन सेवा शुरू की गई है, ताकि आर्थिक कठिनाई किसी परिवार की अंतिम यात्रा में बाधा न बने।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सेवा की शुरुआत को सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना से जुड़ी पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना समाज के प्रति जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कांग्रेस सोनारी मंडल ने सेवा को संभव बनाने के लिए बन्ना गुप्ता और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इसका लाभ सोनारी क्षेत्र के अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

शुभारंभ कार्यक्रम में हरेंद्र सिन्हा, अर्जुन लाल शर्मा, रामदेव राम, अनूप डेनियल, राजेश अड़के, मुन्ना यादव, कृष्ण लाल लोधी, लक्ष्मण यादव, शंभू ठाकुर, रणजीत सिंह, मिशेल अनीता ईयर, वीरेंद्र वर्मा, मनीष सिंह, किशोर यादव, देवेंद्र प्रसाद सिंह, बबुआ झा, संजय तिवारी, प्रभात ठाकुर, बबन शुक्ला समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सोनारी कांग्रेस मंडल के सदस्य मौजूद रहे।

Related Post