Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

कर्मा विसर्जन के दौरान बांध में डूबा युवक, तलाश में जुटे ग्रामीण

हजारीबाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र के कारू भुइयां बाबा बगीचा स्थित बांध में बुधवार सुबह कर्मा पूजा की डाली विसर्जित करने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

बताया जाता है कि कर्मा पूजा के बाद बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग विसर्जन के लिए बांध पहुंचे थे। इसी दौरान रेवाली बांध में विसर्जन करने के क्रम में एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसका पता नहीं चल सका।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण अपने स्तर से बांध में उतरकर युवक की तलाश में जुट गए। सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक की तलाश के लिए स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है।

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। बांध के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। परिजन युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस की निगरानी में युवक की तलाश जारी है।

Related Post