Breaking
Sat. Oct 10th, 2026

तिरिंग के पास बाइक सवार से 54 हजार रुपये की छिनतई, पल्सर सवार दो अपराधी फरार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाइक सवार से 54 हजार रुपये की छिनतई का मामला सामने आया है। घटना तिरिंग गांव के समीप करीब 12.30 बजे की बतायी जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद पल्सर बाइक सवार दो अपराधी तेजी से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि स्थानीय पुलिस ने की है। 

राजनगर थाना क्षेत्र के हेंसल गांव निवासी अर्जुन यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक साथी के साथ हाता स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से 49 हजार रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। उनके पास डिजिटल लेन-देन के पांच हजार रुपये भी थे। इस तरह कुल 54 हजार रुपये एक थैले में रखे हुए थे। तिरिंग गांव के पास आगे एक ट्रेलर वाहन चल रहा था, जिसके कारण उनकी बाइक की रफ्तार धीमी हो गई।

इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक अचानक उनके करीब पहुंचे और हाथ में रखा रुपयों से भरा थैला झपट लिया। इसके बाद दोनों अपराधी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग से फरार हो गए। अर्जुन यादव और उनके साथी ने अपराधियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बाइक की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे उन्हें पकड़ नहीं सके।

घटना के बाद पीड़ित ने पोटका थाना पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी ने जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की बात कही है।

Related Post

You Missed