चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय प्रीतम गोप की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा घोड़ाबांदा गांव के पास उस समय हुआ, जब उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। दुर्घटना में प्रीतम के सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रीतम गोप कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी पंचायत अंतर्गत नारगासाई गांव के निवासी थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से मझगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोड़ाबांदा गांव के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे में प्रीतम गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मझगांव अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
मृतक की पत्नी मोती देवी के अनुसार, वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ पति को लेकर चाईबासा पहुंची थीं। अकेले होने के कारण वह गंभीर रूप से घायल पति को जमशेदपुर ले जाने में असमर्थ थीं। इसी बीच सदर अस्पताल में इलाज के दौरान प्रीतम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

