रांची। सोनाहातु थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बारेंदा टोला देवानसारणा के समीप सिल्ली-रंगामाटी मुख्य मार्ग पर हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके पति ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के झालदा थाना क्षेत्र के कुशी पापड़ाहुडुम गांव निवासी रमेश महतो और उनकी पत्नी सिंधु वाला देवी (42) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे हाइवा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सिंधु वाला देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रमेश महतो को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की। इधर, दंपती की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सिल्ली-रंगामाटी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर शव पड़े रहने और ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों का परिचालन बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की। पुलिस लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास कर रही थी।

