Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

हजारीबाग में सेना के जवान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

हजारीबाग। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में शुक्रवार सुबह सेना के जवान धनंजय कुमार देव की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जवान का शव फंदे से लटका हुआ मिलने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि धनंजय कुमार देव की पदस्थापना कोलकाता में थी और उन्हें शुक्रवार को ही अपनी ड्यूटी पर वापस लौटना था। इसके लिए उनका टिकट भी बन चुका था। ड्यूटी पर रवाना होने से पहले ही उनकी मौत की खबर से परिवार और ग्रामीणों में मातम पसर गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस ने किसी भी संभावित कारण की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Post