Breaking
Wed. Sep 9th, 2026

JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग

सरायकेला: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भाजपा ने बुधवार को सरायकेला समाहरणालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने भर्ती परीक्षाओं की केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई से जांच कराने के साथ ही आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

समाहरणालय परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। विशेष रूप से क्षेत्रीय भाषा की परीक्षाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि स्थानीय भाषाओं को बोलने और समझने वाले मूल अभ्यर्थियों को असफल किया जा रहा है, जबकि दूसरे राज्यों या क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों के चयन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

साहू ने कहा कि गरीब किसान, मजदूर और रिक्शा चालक अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए जीवनभर मेहनत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि बच्चों को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार मिलेगा। ऐसे में यदि भर्ती प्रक्रिया में पैसे या किसी अन्य माध्यम से अनियमितता होती है, तो यह युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के आंदोलन के साथ खड़ी है और भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक पार्टी आंदोलन को समर्थन देती रहेगी।

उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ की गई कार्रवाई को भी गलत बताते हुए सरकार से मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई वापस लेने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई करने के बजाय सरकार को उनकी शिकायतों का समाधान करना चाहिए।

सभा को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने, सीबीआई जांच की मांग पर कार्रवाई करने तथा आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी, रमेश हांसदा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रितिका मुखी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post