जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से शनिवार को बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी ने केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व वाली सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और लूट की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे की कथित लूट और चोरी बेहद गंभीर मामला है। उनके अनुसार इस पूरे प्रकरण में बड़े-बड़े किरदारों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि इससे भगवान श्रीराम के करोड़ों भक्तों की आस्था, विश्वास और भावनाओं को ठेस पहुंची है। कांग्रेस पार्टी इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दूसरा बड़ा मुद्दा झारखंड के मान-सम्मान, प्रतिष्ठा और अधिकार से जुड़ा हुआ है। केंद्र सरकार द्वारा एमएमडीआर संशोधन विधेयक की धारा 9डी के माध्यम से खान एवं खनिज से झारखंड को मिलने वाले राजस्व के अधिकार को समाप्त करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इस कदम से झारखंड को आर्थिक रूप से नुकसान होगा और राज्य के अधिकारों का हनन होगा।
मुंजनी ने कहा कि इन दोनों गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस की ओर से 7 सितंबर को रांची में लोकभवन के समक्ष महाधरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यह राज्य स्तरीय आंदोलन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोनों मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंच तक अपनी आवाज बुलंद करेगी।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने पूर्वी सिंहभूम जिले के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों, प्रखंड एवं मंडल पदाधिकारियों, विभिन्न मंच-मोर्चा के पदाधिकारियों, पंचायत अध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर महाधरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन झारखंड के मान-सम्मान, अधिकार और अस्तित्व की लड़ाई है।
प्रेस वार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने अतिथियों और प्रेस प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी, एलबी सिंह, संजय सिंह आजाद, राजा सिंह राजपूत, केके शुक्ल, नवनीत मिश्र, ज्योति मिश्र, आशुतोष सिंह, अंसार खान, मकसूद आलम, फिरोज खान और कौशल प्रधान समेत अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

