जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित घाटशिला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने ऐसा तांडव मचाया कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अमाईनगर पुलिया से स्वर्णरेखा नदी पुल तक कथित रूप से नशे में धुत चालक ने कार को तेज गति से चलाते हुए कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एक बाइक पर सवार महिला टक्कर के बाद पुल से नीचे स्वर्णरेखा नदी में गिर गईं और तेज बहाव में बह गईं। गुरुवार सुबह तक उनका पता नहीं चल पाया था।
जानकारी के अनुसार मुसाबनी थाना क्षेत्र निवासी गोवर्धन पातर रेनॉल्ट ट्राइबर कार संख्या जेएच 05 डीके 0236 से मऊभंडार की ओर से घाटशिला जा रहा था। विशाल मेगा मार्ट के पास पहुंचने के बाद कार अनियंत्रित हो गई और चालक ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी। स्वर्णरेखा नदी पुल पर सामने से आ रही हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक संख्या जेएच 05 डी 9549 और बिना नंबर की स्कूटी को भी कार ने जोरदार टक्कर मारी।
बाइक पर गोपालपुर निवासी सुब्रतो सिन्हा, उनकी पत्नी सुष्मिता सिन्हा और बेटी श्रेया सिन्हा सवार थे। टक्कर के दौरान सुष्मिता सिन्हा पुल से नीचे नदी में जा गिरीं। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते दूर बह गईं। सुब्रतो सिन्हा और श्रेया घायल हो गए। श्रेया के पैर में गंभीर चोट लगी है। इसके अलावा मुसाबनी के गिरीशडांगा निवासी सुरेश भगत और नेहा वर्मा भी दुर्घटना में घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी, थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा और मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया गया।
इधर, नदी में लापता सुष्मिता सिन्हा की तलाश में पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने अभियान शुरू किया है। तेज बहाव और अंधेरे के कारण रात में तलाशी अभियान में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। उसके शराब के नशे में होने की भी जांच की जा रही है।

