जमशेदपुर। हरियाली तीज के अवसर पर सोमवार को ग्रुप केंद्र/रेंज जमशेदपुर में क्षेत्रीय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल परिवार कल्याण संघ (क्षेत्रीय कावा) की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सावन की परंपराओं और भारतीय संस्कृति से जुड़े इस आयोजन में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में हिस्सा लिया। गीत-संगीत, नृत्य, मनोरंजक प्रतियोगिताओं और तीज क्वीन की ताजपोशी ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्रीय कावा जमशेदपुर की अध्यक्षा श्रीमती सीमा चौहान केसरी थीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद तीज माता की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवारों की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
हरियाली तीज के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीतों और संगीत पर नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं की मौजूदगी से आयोजन स्थल पर सावन और तीज की पारंपरिक छटा देखने को मिली। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं के बीच आपसी सहयोग, सहभागिता और सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक और रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में श्रीमती अर्चना ने Mrs. Elegance, श्रीमती रिंकी घोष ने Mrs. Beautiful और श्रीमती शारदा सरकार ने Mrs. Teej Queen का खिताब हासिल किया। विजेताओं की ताजपोशी कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने तालियों के साथ विजेताओं का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम स्थल पर हरियाली तीज की परंपरा को जीवंत रखने के लिए विशेष झूलों और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट की व्यवस्था की गई थी। महिलाओं और बच्चों ने झूलों का आनंद लिया तथा कार्यक्रम के यादगार पलों को तस्वीरों में कैद किया।
इस अवसर पर सीमा चौहान केसरी ने सभी महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं परिवार एवं समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिलाओं से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ सकारात्मक सोच रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय कावा जमशेदपुर की उप प्रमुख सविता जायसवाल सहित परिवार की महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। पारंपरिक व्यंजनों के साथ महिलाओं और परिवारों ने आपसी मेल-मिलाप किया। सौहार्दपूर्ण माहौल में हरियाली तीज महोत्सव का समापन हुआ।

