Breaking
Sat. Oct 10th, 2026

बहरागोड़ा में बांस उतारते समय तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, नीलकंठ जना की मौके पर मौत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भंडराशोल निवासी नीलकंठ जना की मौत हो गई। दुर्घटना उस समय हुई, जब नीलकंठ अपने वाहन से बांस उतारने के लिए सड़क किनारे रुके थे और वाहन में बंधी रस्सी खोल रहे थे।

जानकारी के अनुसार, नीलकंठ जना बांस लदे वाहन के पास खड़े होकर रस्सी खोल रहे थे। इसी दौरान चाईबासा की तरफ से तेज गति से आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी ओर आ गया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह बांस और रस्सी के बीच फंस गए। हादसे में उनके गले में गंभीर चोट आई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक भी बांस से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि ट्रक चालक को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। देर रात हुए हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिससे मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

सूचना मिलने पर बहरागोड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Related Post