Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

पुराने नगर परिषद भवन में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में सोमवार को पुराने नगर परिषद कार्यालय भवन के अंदर एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

बताया गया कि कुछ स्थानीय लोगों की नजर पुराने नगर परिषद भवन के अंदर पड़े एक युवक पर पड़ी। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो युवक मृत मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के इलाके का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवक की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है और उसके संभावित ठिकाने के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।

चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शव के बाहरी निरीक्षण में फिलहाल चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक पुराने नगर परिषद भवन में किस परिस्थिति में पहुंचा था और उसकी मौत कैसे हुई।

Related Post