Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

*रोजगार की तलाश में हैदराबाद गए गुवा निवासी अनुज बड़ाईक की मौत, परिवार में पसरा मातम*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित जटा हटिंग निवासी 40 वर्षीय अनुज बड़ाईक की हैदराबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। 23 अगस्त को उनकी मौत की खबर मिलते ही गुवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार अनुज बड़ाईक परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर जीवन-यापन की उम्मीद में रोजगार की तलाश में गुवा से हैदराबाद गए थे। बताया जाता है कि वह पिछले करीब एक वर्ष से हैदराबाद के मदीनागोड्डा स्थित केसर होम में ठेका मजदूर के रूप में काम कर रहे थे।

करीब तीन महीने पहले अनुज बड़ाईक अपने घर गुवा आए थे। इसके बाद वह अपनी पत्नी और दो बच्चों को साथ लेकर दोबारा हैदराबाद चले गए। उनका उद्देश्य मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार लाना और बच्चों का भविष्य बेहतर बनाना था।

बताया गया कि कुछ समय से अनुज बड़ाईक की तबीयत खराब चल रही थी। उनकी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 23 अगस्त 2026 को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार उनका लीवर गंभीर रूप से खराब हो चुका था और लीवर संबंधी बीमारी के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। इलाज के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

अनुज बड़ाईक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके पीछे पत्नी और दो बच्चे रह गए हैं। परिवार के लिए अनुज की मौत बड़ी आर्थिक और भावनात्मक क्षति मानी जा रही है।

घटना की जानकारी गुवा के जटा हटिंग क्षेत्र में पहुंचते ही स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल बन गया। लोगों ने अनुज बड़ाईक के निधन पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने कहा कि अनुज परिवार की बेहतर जिंदगी के लिए घर से दूर रहकर मेहनत-मजदूरी कर रहे थे। उनके अचानक निधन से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

Related Post