कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को दो लापता युवकों के शव जमीन के नीचे दबे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के समीप से बरामद किए गए। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। बाद में उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान राहुल हांसदा और तपन प्रधान के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक 13 अगस्त से लापता थे। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने 20 अगस्त को कांड्रा थाना में दोनों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कई लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस शनिवार को रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास पहुंची। वहां संदिग्ध स्थान पर जमीन की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान एक ही स्थान से दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। दोनों शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या के बिंदु पर जांच तेज कर दी है।
पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अब तक पुलिस ने हत्या की वजह या घटना में शामिल लोगों को लेकर कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। स्थानीय स्तर पर मोबाइल चोरी को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही दोनों युवकों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।
एक साथ दो युवकों के शव बरामद होने से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है।

