Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

पूरनानगर में एक ही रात दो घरों में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर बंद मकानों को बनाया निशाना, ताले तोड़कर कमरों को खंगाला; पुलिस जांच में जुटी

कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र के पूरनानगर में मंगलवार की रात चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय दोनों घरों के लोग बाहर थे। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घरों के ताले तोड़े और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
चोरी की शिकार विकास कुमार सिंह की पत्नी कंचन देवी ने बताया कि उनके घर से करीब दो से ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात और पांच हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और किचन, बेडरूम, पूजा कक्ष समेत सभी कमरों को खंगाल डाला। बुधवार को कंचन देवी की मां जब घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पता चला कि चोरों ने पड़ोस में रहने वाले संजय कुमार साव के घर को भी निशाना बनाया है। संजय कुमार साव नौकरी के सिलसिले में फिलहाल घर से बाहर हैं। उनके घर से कितने और क्या-क्या सामान चोरी हुए हैं, इसका आकलन परिजनों के लौटने के बाद ही हो सकेगा। इधर, कोडरमा थाना क्षेत्र के दूधीमाटी इलाके में भी पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं सामने आने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बंद मकानों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

Related Post