जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र में गोलगप्पा बेचकर घर लौट रहे युवक से चाकू के बल पर लूटपाट का मामला सामने आया है। घटना 19 अगस्त की रात रेलवे हाई स्कूल के पास हुई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और लूटी गई रकम में से 1200 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गाड़ाबासा निवासी आकाश कुमार 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे गोलगप्पा बेचकर ठेला लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे हाई स्कूल के पास तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और उससे रुपये की मांग की। आकाश ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसकी जेब में रखे करीब 1700 रुपये छीनकर तीनों मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा के निर्देश पर तथा पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इसी क्रम में वायरलेस मैदान के आसपास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मेरून रंग के कवर में रखा एक धारदार चाकू और लूटे गए 1700 रुपये में से 1200 रुपये बरामद किए। बरामद रकम में 700 और 500 रुपये के नोट शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में राहुल पांडे उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। वह बागबेड़ा थाना क्षेत्र के सीडी नगर का रहने वाला है। वहीं एक बालक को निरुद्ध किया गया है। इस संबंध में बागबेड़ा थाना में बीएनएस की धारा 309(6)/109(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी अभियान में बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक जनार्दन सिंह, सहायक अवर निरीक्षक संजीत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक पवन कुमार सिंह, टाइपिस्ट सच्चिदानंद सिंह, धर्मनाथ सेन समेत सशस्त्र रिजर्व बल के जवान शामिल थे।

