Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

*हाटगम्हरिया में बारिश से कच्ची दीवार ढही, चाचा-भतीजे की दबकर मौत*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। ताजा मामला हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा नूरदा गांव से सामने आया है, जहां एक घर की कच्ची दीवार ढहने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय सरजोम पिंगुवा और उनके 33 वर्षीय भतीजे डोबराज पिंगुवा के रूप में हुई है।

घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। उस समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। सरजोम के बड़े भाई और डोबराज के चाचा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों चाचा-भतीजा घर के भीतर बैठकर हड़िया पी रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण सीलन और नमी से जर्जर हुई घर की ऊंची दीवार अचानक भरभराकर उन पर गिर गई।

दोनों मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।
हादसे के तुरंत बाद गांव के मुंडा ने घटना की सूचना हाटगम्हरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गांव पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

जिले में हो रही लगातार बारिश से कच्चे मकानों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। दीवार गिरने की इस घटना से पूरे छोटा नूरदा गांव में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।

Related Post