Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

*बारिश से मिट्टी का मकान ध्वस्त, मुखिया जुलियाना देवगम ने लिया जायजा*

चाईबासा: सदर प्रखंड अंतर्गत कमारहातु में लगातार हो रही बारिश के कारण स्वर्गीय सामु देवगम की विधवा बालेमा देवगम का मिट्टी का मकान ध्वस्त हो गया। मकान गिरने से बालेमा देवगम के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर मतकमहातु पंचायत की मुखिया जुलियाना देवगम मौके पर पहुंचीं और ध्वस्त मकान का जायजा लिया।

मुखिया जुलियाना देवगम ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने बालेमा देवगम से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए और प्रखंड कार्यालय में आवेदन जमा कराकर सरकारी स्तर पर मुआवजा दिलाने तथा आवास निर्माण के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।

जुलियाना देवगम ने कहा कि लगातार बारिश के कारण मिट्टी के मकानों को काफी नुकसान हो रहा है। बालेमा देवगम का मकान ध्वस्त होने से उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार को सरकारी योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रखंड कार्यालय में आवेदन दिया जाएगा। जरूरतमंद परिवार को जल्द से जल्द सहायता मिले, इसके लिए संबंधित अधिकारियों से भी बात की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में कमजोर और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पंचायत क्षेत्र में बारिश से प्रभावित अन्य परिवारों की भी जानकारी जुटाकर उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा।

बताया गया कि पश्चिम सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर मिट्टी के मकान ध्वस्त हुए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सामने आवास की समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Post