देवघर। देवघर पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र में फर्जी GST अधिकारी बनकर व्यवसायी और उसके कर्मचारी से 40.50 लाख रुपये नकद समेत मोबाइल और लैपटॉप लूटने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार के जमुई और बांका जिले से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त 2026 को विक्रम चौधरी ने जसीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि वह अपने कर्मचारी के साथ मोटरसाइकिल से टाभाघाट-दर्दमारा मुख्य सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरन रोक लिया। आरोपियों ने खुद को GST विभाग का अधिकारी बताकर दोनों को अपने कब्जे में ले लिया और रुपये से भरा बैग लेकर उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद अपराधियों ने 40 लाख 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित अन्य सामान लूट लिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से मिले सुराग के आधार पर बिहार के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर कुमोद पोद्दार, संजय कुमार सिंह, शिव शंकर कुमार, घनश्याम यादव और विनोद प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने संजय कुमार सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन संख्या JH01BP-4780, रेडमी कंपनी का काले रंग का मोबाइल, एप्पल कंपनी का सफेद मोबाइल, दो प्लास्टिक के पुलिस डंडे और पुलिस लिखा लाल-नीले रंग का बोर्ड बरामद किया। कुमोद पोद्दार के पास से 4.30 लाख रुपये नकद तथा वादी का क्षतिग्रस्त Dell लैपटॉप बरामद हुआ। वहीं शिव शंकर कुमार के मोबाइल फोन से घटनास्थल से आरोपियों के आने-जाने वाले रास्ते का मैप भी मिला है।
गिरफ्तार आरोपियों में कुमोद पोद्दार और विनोद प्रसाद यादव सिमुलतला, जमुई के रहने वाले हैं। संजय कुमार सिंह और घनश्याम यादव बेलहर, बांका तथा शिव शंकर कुमार कटोरिया थाना क्षेत्र के गोस्वामी टोला निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है।
छापामारी दल में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, अमर कुमार, रामानुज सिंह, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, चितरा थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार, देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, जसीडीह थाना के अभय कुमार सहित तकनीकी शाखा के कर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को लूटकांड के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

